पाकिस्तान के कराची में एक भयावह दुर्घटना हुई है। शहर के बाहरी इलाके में स्थित अफगान बस्ती में एक मकान की छत गिरने से छह लोगों की जान चली गई। इस हादसे में दो बच्चों समेत चार अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

हादसे से मचा हड़कंप
कराची: कराची के बाहरी क्षेत्र में अफगान शरणार्थियों की बस्ती में एक मकान की छत गिरने से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, घटना के समय घर में मरम्मत का कार्य चल रहा था, तभी अचानक छत गिर गई। इस भयावह हादसे में चार लड़कियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य को अस्पताल में मृत घोषित किया गया।
क्या है अफगान बस्ती?
कराची में कई ऐसे इलाके हैं जहां अफगान शरणार्थी लंबे समय से रह रहे हैं। इन्हीं इलाकों को आमतौर पर अफगान बस्ती कहा जाता है। यह बस्ती बेहद घनी और जर्जर मकानों से भरी हुई है, जहां बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी है।
पुराने मकान की वजह से हुआ हादसा
गुलशन-ए-मयमार थाने के प्रभारी (एसएचओ) आगा असदुल्ला ने बताया कि घटना के वक्त घर के 10 सदस्य सो रहे थे। हादसे में जान गंवाने वाली लड़कियों की उम्र 7, 8, 10, 14 और 20 साल बताई जा रही है। मकान की हालत पहले से ही जर्जर थी, जिससे यह दुर्घटना हुई।
इलाज के लिए भर्ती घायलों की हालत गंभीर
हादसे में घायल हुए लोगों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है। इस दुखद घटना के बाद प्रशासन ने स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और कमजोर मकानों की मरम्मत कराने की अपील की है।