बदलते मौसम में सेहत का ध्यान रखना बेहद जरूरी होता है। इस दौरान पाचन तंत्र कमजोर हो सकता है, जिससे थकान, सुस्ती और बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में सही आहार चुनना बेहद महत्वपूर्ण हो जाता है। अगर आप कुछ ऐसा खाना चाहते हैं, जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहतमंद भी हो, तो सत्तू का पराठा एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है।
सत्तू के पराठे के फायदे
सत्तू प्रोटीन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होता है, जो शरीर को ऊर्जा देने के साथ-साथ पाचन को भी दुरुस्त रखता है। इसे नाश्ते, लंच या डिनर में खाया जा सकता है। यह पराठा पेट के लिए हल्का और पाचन तंत्र के लिए फायदेमंद होता है। स्वाद और सेहत दोनों के लिए बेहतरीन यह पराठा घर पर आसानी से बनाया जा सकता है। आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी।

सत्तू का पराठा बनाने की आसान रेसिपी
आवश्यक सामग्री
- गेहूं का आटा – 2 कप
- सत्तू – 1 कप
- बारीक कटा प्याज – 1
- हरी मिर्च – 2 (बारीक कटी हुई)
- लहसुन – 3-4 कलियां (बारीक कटी हुई)
- अदरक – 1 छोटा टुकड़ा (कद्दूकस किया हुआ)
- धनिया पत्ती – 2 बड़े चम्मच (बारीक कटी हुई)
- नींबू का रस – 1 चम्मच
- अजवाइन – 1/2 चम्मच
- जीरा – 1/2 चम्मच
- नमक – स्वादानुसार
- अचार का तेल – 2-3 चम्मच
- तेल या घी – पराठा सेंकने के लिए
स्टफिंग बनाने की विध
- एक बाउल में सत्तू लें और उसमें प्याज, हरी मिर्च, लहसुन, अदरक, धनिया पत्ती, नींबू का रस, अचार का तेल, अजवाइन, जीरा और नमक डालें।
- इन सभी सामग्रियों को अच्छी तरह मिलाएं।
- जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी मिलाकर स्टफिंग को बांधने लायक बना लें।
पराठा बनाने की विधि
- गेहूं के आटे में थोड़ा सा नमक और घी मिलाकर पानी की मदद से गूंध लें।
- इसे 10-15 मिनट के लिए ढककर रख दें।
- आटे की लोई बनाएं और हल्का बेलकर उसमें तैयार स्टफिंग भर दें।
- चारों तरफ से लोई को बंद कर हल्के हाथों से बेलें।
- तवे को गर्म करें और उसमें तेल या घी डालकर पराठे को दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंक लें।
- इसे दही, अचार या चटनी के साथ गर्मागर्म परोसें।
सत्तू का पराठा स्वाद और सेहत का बेहतरीन मेल है। अगर आप अपनी डाइट में कुछ हेल्दी और टेस्टी जोड़ना चाहते हैं, तो इस पारंपरिक और पौष्टिक पराठे को जरूर आजमाएं!