काठमांडू: नेपाल में भारतीय पर्यटकों की संख्या में कमी दर्ज की गई है, और विशेषज्ञ इसके पीछे महाकुंभ को एक प्रमुख कारण मान रहे हैं। नेपाल पर्यटन बोर्ड के निदेशक मणि लामिछाने के अनुसार, प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ ने लाखों भारतीयों को आकर्षित किया, जिससे नेपाल की यात्रा करने वाले भारतीय पर्यटकों की संख्या प्रभावित हुई है।

आंकड़ों से समझें पूरी स्थिति
फरवरी 2025 में नेपाल पहुंचे कुल पर्यटकों की संख्या 96,880 रही, जो पिछले वर्ष की तुलना में थोड़ी कम थी। फरवरी 2024 में यह संख्या 97,426 थी।
हालांकि, नेपाल आने वाले विदेशी पर्यटकों में भारतीयों की संख्या सबसे अधिक रही। इस साल फरवरी में 19,187 भारतीय पर्यटकों ने नेपाल की हवाई यात्रा की, जबकि फरवरी 2024 में यह संख्या 25,578 थी, जो करीब 25% की गिरावट को दर्शाता है।
अन्य देशों से नेपाल आने वाले प्रमुख पर्यटकों में शामिल हैं:
- अमेरिका – 10,348
- चीन – 8,232
- ब्रिटेन – 5,057
- बांग्लादेश – 4,874
- श्रीलंका – 4,370
- ऑस्ट्रेलिया – 3,737
महाकुंभ ने पर्यटकों को नेपाल जाने से रोका?
नेपाल पर्यटन बोर्ड का मानना है कि इस साल प्रयागराज में हो रहे महाकुंभ मेले की वजह से कई भारतीयों ने नेपाल जाने के बजाय धार्मिक आयोजन में भाग लेना उचित समझा। यही कारण है कि नेपाल की पर्यटन दर में गिरावट दर्ज की गई।