रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध और भीषण होता जा रहा है। इस टकराव के बीच यूक्रेन ने रूस की राजधानी मॉस्को पर बड़ा हमला करने की योजना बनाई थी, लेकिन रूसी सेना ने इसे विफल कर दिया। यूक्रेन की ओर से किए गए खतरनाक ड्रोन हमलों को रूसी वायु रक्षा प्रणाली ने नष्ट कर दिया।

रूस ने गिराए सैकड़ों यूक्रेनी ड्रोन
रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, 10 से अधिक क्षेत्रों में 337 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया गया। इसे पिछले तीन वर्षों में रूस पर हुआ सबसे बड़ा ड्रोन हमला माना जा रहा है। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने बताया कि मंगलवार सुबह रूसी राजधानी पर हमला करने की कोशिश कर रहे कम से कम 60 ड्रोन नष्ट कर दिए गए।
हवाई अड्डों पर उड़ानों पर रोक
मेयर सोबयानिन ने जानकारी दी कि मॉस्को क्षेत्र के रामेंस्की और दोमोदेदोवो जिलों में कम से कम 11 ड्रोन को मार गिराया गया। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि बाकी ड्रोन कहां नष्ट किए गए। सुरक्षा कारणों से मॉस्को के दो प्रमुख हवाई अड्डों—दोमोदेदोवो और ज़ुकोवस्की—में उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
हमले से मामूली नुकसान, कोई हताहत नहीं
मेयर ने अपने बयान में कहा कि इस हमले में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन मॉस्को की एक इमारत की छत को मामूली क्षति पहुंची है। यह हालिया महीनों में मॉस्को पर सबसे बड़ा हमला माना जा रहा है, और यह ऐसे समय में हुआ जब अमेरिका और यूक्रेन के बीच सऊदी अरब में वार्ता होनी थी।
रूसी सेना का जवाबी हमला
युद्ध के बीच, यूक्रेनी सेना और रूसी सैन्य ब्लॉगर्स ने दावा किया है कि रूसी स्पेशल फोर्स के सैनिकों ने एक गुप्त सैन्य अभियान के तहत कुर्स्क क्षेत्र में यूक्रेनी सेना पर हमला किया। रिपोर्ट के अनुसार, रूसी सैनिक गैस पाइपलाइन के जरिए कई किलोमीटर पैदल चलकर दुश्मन के पीछे पहुंचे। इस हमले को रूस की एक बड़ी सैन्य रणनीति के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें रूस के सहयोगी उत्तर कोरिया के सैनिक भी शामिल थे।